


अयोध्या और अहमदाबाद के बीच पहली उड़ान सेवा शुरू हो चुकी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया , सांसद डॉक्टर किरीट भाई प्रेमजी भाई सोलंकी ने हरी झंडी दिखाकर उड़ान सेवा की शुरुआत की. अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को तय है. इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचकर राम लला के दर्शन करने के लिए अयोध्या को देश और दुनिया से जोड़ा जा रहा है. इसी कड़ी में 30 दिसंबर 2023 को अयोध्या में रेलवे स्टेशन और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन हो चुका है. आज अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट को अहमदाबाद से उड़ान सेवा के जरिए जोड़ दिया गया है. यानी अब श्रद्धालु अहमदाबाद से सीधे अयोध्या की उड़ान लेकर राम लला के दर्शनों के लिए पहुंच सकते हैं.